युवती से गैंगरेप की कोशिश, एक गिरफ्तार
खतौली। जंगल में दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने युवती को खेत में खींचकर गैंगरेप की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने की वजह से पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने फरार आरोपियों के परिजनों को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के गांव की रहने वाली एक युवती सोमवार शाम जंगल में चारा काटने के लिए गई थी। गांव के ही दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने युवती को ईंख के खेत में खींच लिया और गैंगरेप की कोशिश करने लगे। जिस पर युवती ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ पड़े। जिनको देख आरोपी फरार हो गए। दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा युवती के साथ गैंगरेप के प्रयास की सूचना पुलिस दी गई। पुलिस की तीन गाड़ियां गांव में पहुंची और आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बाकी दो आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस ने इनके परिजनों को हिरासत में ले लिया है। युवती के परिजनों ने पुलिस को तहरीर भी दे दी है।