बड़ौत में सफाई कर्मचारी के पद पर निकली संविदा पर भर्ती में नियुक्ति के नाम पर एक युवती से पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। महीनों तक भी नौकरी नहीं लगने पर पीड़िता ने रुपये मांगे तो आरोपी धमकी देेने लगे। पीड़िता ने कोतवाली में खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव बहावड़ी निवासी संगीता पुत्री महक सिंह ने बताया कि 2016 में बागपत के बड़ौत स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर सफाईकर्मी की नियुक्ति निकली थी। इसके लिये उसने आवेदन किया था। जिसके बाद पांच जनवरी 2016 को वह बड़ौत में इस पद के लिए साक्षात्कार देने के लिए पहुंची थी, लेकिन उस दिन साक्षात्कार स्थगित हो गया था। आरोप है कि 18 मार्च 2017 को उनके जानकार झिंझाना के गांव सांपला निवासी योगेश, पिंटू, बाबू आए तथा उस पद पर नियुक्त कराने के नाम पांच लाख रुपये देने की बात कही। जिसके बाद युवती ने पांच लाख रुपये का इंतजाम कर अपने जानकारों को दे दिए थे। इस बात को कई महीने बीतने के बाद उसकी नौकरी नहीं लगी और आरोपी उसको टरकाने लगे। आरोप है कि 21 दिसंबर 2017 को वह अपने परिजनों के साथ गांव सांपला में गई और रुपये मांगे तो आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत की थी। रविवार रात कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।