गांव अहमदगढ़ में मुठभेड़ के दौरान पकडे़ बदमाश को देखती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शामलीजिले में चौसाना, आदर्श मंडी और झिंझाना थाना क्षेत्र में 24 घंटे में हुई तीन मुठभेड़ में पुलिस ने आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें झिंझाना में पकड़ा गया 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में पकड़ गए दो बदमाश टांगों में गोली लगने से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया।
मुठभेड़ की शुरुआत मंगलवार की रात चौसाना चौकी क्षेत्र से हुई। चौसाना चौकी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान भूरा और संजू उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर चौसाना स्थित पीएनबी के एटीएम में लूट की कोशिश का खुलासा किया। दूसरी घटना मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में गोहरनी गांव के जंगल में हुई। यहां बोलेरो सवार बदमाशों ने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को राहगीर समझकर लूटपाट के इरादे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो दो बदमाश टांग में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल समेत तीन बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी करके दबोच लिया।
थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश रहीम पुत्र कालू निवासी जैनपुर थाना सरुरपुर, मेरठ, अबरार पुत्र साबिर निवासी पीठलोखर थाना सरधना, जनपद मेरठ और इस्लाम पुत्र मुस्तकीम निवासी रायखंडी भाइला थाना देवबंद जनपद सहारनपुर का रहने वाला है। इनमें से अबरार और रहीम की टांग में गोली लगने पर घायल हुए है। घायल बदमाशों को पुलिस ने शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया। इनके कब्जे से बोलेरो, तीन तमंचे 315 बोर, 11 कारतूस, दो खोखे बरामद हुए। बरामद बोलेरो का पता लगाया जा रहा है कि यह कहां से लाई गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इन बदमाशों ने चरथावल (मुजफ्फरनगर) थाना क्षेत्र में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें यह फरार चल रहे थे। इसके अलावा इन बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। उधर, बुधवार को चौसाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बदमाश भूरा और संजू उर्फ सोनू के साथी दीपांशु पुत्र अरविंद निवासी अमलापुर और अशोक पुत्र रतन निवासी चौसाना को भी गिरफ्तार कर लिया।
उधर, झिंझाना पुलिस के मुताबिक बुधवार को दोपहर बाद बिडौली- चौसाना मार्ग पर गांव कमालपुर के निकट चौसाना चौकी पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चौसाना की तरफ से बाइक सवार दो युवक आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वह बाइक की रफ्तार तेज कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया, तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, तो एक बदमाश की टांग में गोली लग गई। वह मौके पर गिर गया, जबकि दूसरा बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर झिंझाना थाना प्रभारी संदीप बालियान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फरार हुए बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए कांबिंग कराई गई, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका।
इसके बाद घायल बदमाश को पुलिस ने झिंझाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इसी दौरान पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायल बदमाश से पूछताछ की। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामपाल पुत्र मुंशी झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव अहमदगढ़ का रहने वाला है। इसके खिलाफ लूट, वाहन चोरी सहित एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा के कुरुक्षेत्र से लूट के मामले में वांछित रहने के कारण ही रामपाल पर 20 हजार रुपये का इनाम बताया गया है। वहीं, मौके से फरार हुआ बदमाश धीरा भी गांव अहमदगढ़ का रहने वाला है और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है। मौके से तमंचा, कारतूस और मोटर साइकिल बरामद हुई है। उधर, घायल बदमाश रामपाल को झिंझाना सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद शामली रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को आरोपी रामपाल को न्यायालय में पेश किया जाएगा।