शामली/झिंझाना। गांव लपराना निवासी प्रमोद की होली पर गांव निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय तो मामला शांत हो गया था। शुक्रवार को फिर आरोपी युवक की प्रमोद के परिजनों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने शराब के नशे में प्रमोद, हरवीर, विनोद और पंकज के घर पर फायरिंग कर दी। गांव में फायरिंग की आवाज से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए है और एक युवक को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित प्रमोद की ओर से झिंझाना थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।