पत्नी को मारपीट कर घर से निकाला
कैराना(शामली)। । दूसरी महिला के साथ शादी करने के बाद युवक ने पहली पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता के भाई ने कोतवाली में बहनोई के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को गांव मवी काकोर निवासी तैय्यब ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बहन शारजा का निकाह करीब 10 साल पहले रामड़ा निवासी एक युवक के साथ किया था। विवाहिता के ससुराल वाले उसे बात बात पर मारपीट कर परेशान करते आ रहे थे। डेढ़ साल पहले उसके बहनोई ने उसकी बहन की सहमति के बिना दूसरी शादी कर ली। उसकी बहन द्वारा दूसरी शादी का विरोध करने पर ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस समय उसकी बहन अपने मायके मे रह रही है। विवाहिता के भाई की तहरीर लेकर पुलिस ने आरोपियों की खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
सीआईए ने मारा कैराना में छापा
कैराना(शामली)। । बृहस्पतिवार दोपहर हरियाणा के पानीपत जिले की सीआईए थर्ड पुलिस ने इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार के नेतृत्व में कैराना कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई।
हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कैराना के सराफा बाजार में छापा मारा। हरियाणा पुलिस के साथ चोरी का एक आरोपी नवाब निवासी रेतावाला कैराना था। हरियाणा पुलिस ने जेल में बंद नवाब को सात दिन के कस्टडी रिमांड पर लिया था। नवाब के ऊपर हरियाणा में 25 चोरी व लूट के मुकदमे बताए गए। हरियाणा पुलिस ने नवाब व उसके बेटे सहित गिरोह के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया था। वहीं, हरियाणा पुलिस के छापे की सूचना पर सर्राफा बाजार बंद हो गया। बाद में हरियाणा पुलिस एक सराफा व्यापारी से पूछताछ करके वापस लौट गई।