कैराना(ब्यूरो)। सरकारी कर्मचारी बताकर दो युवकों ने दो भाइयों के खाते से 47 हजार रुपये उड़ा दिए। मोहल्ला आल खुर्द निवासी तनवीर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दोपहर एक बजे उनके घर पर बाइक सवार दो युवक आये। युवकों ने बताया कि हम सरकार की ओर आए है। सरकारी सहायता से उनके शौचालय बनवा देंगे। इसके बाद युवकों ने उनके आधार कार्ड लेकर उनके नंबर नोट किए। साथ ही युवकों ने उसके तथा उसके छोटे भाई मसूद के फिंगर प्रिंट मशीन पर अंगूठे के निशान लिए। युवकों के जाने के कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर मेसेज आया कि उसके खाते से 10 हजार और उसके भाई मसूद के खाते से 37 हजार कट गये। उसने बाइक सवारों का पीछा भी किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
कैराना(ब्यूरो)। पानीपत रोड निवासी वृद्ध वकील ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार शाम हरियाणा से दो लोग उसके घर पर आये। आरोपियों ने उसके तथा उसके बेटे मोइन के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावर घर में रखे एक लाख रुपये और मोबाइल भी उठा कर ले गये। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।