उत्पीड़न से तंग आकर ट्रक के आगे कूदी विवाहिता
झिंझाना।
उत्पीड़न से त्रस्त विवाहिता ने मेरठ करनाल हाईवे पर ट्रक के सामने कूदकर जान देने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल विवाहिता को करनाल स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी देवर को हिरासत में ले लिया है।
झिंझाना क्षेत्र के गांव बिड़ोली हरिनगर निवासी रानी पत्नी शाकिर ने बुधवार सुबह करीब छह बजे करनाल हाईवे पर ट्रक के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। राहगीरों ने शोर मचाया, तो लोग इकट्ठा हो गए। विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद ससुरालियों ने उसको करनाल ले जाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के पिता नूरहसन निवासी गांव सूबरी ने बताया कि 10 माह पूर्व उसकी बेटी का निकाह शाकिर के साथ हुआ था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी का उत्पीड़न किया जा रहा था। नूर हसन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर विवाहिता के देवर आमिर को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।