एक युवक ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक शाखा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ऋण लेने की कोशिश की। बैंक के ऋण प्रभारी की ओर से मामले में शामली कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला पटेल नगर निवासी एक युवक ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत ऋण के लिए भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में आवेदन किया। इसके लिए उसने अपने कागजात बैंक में जमा कराए। बाद में बैंक के फील्ड ऑफिसर ने दस्तावेजों की जांच की तो कागजात फर्जी मिले। जिसके बाद मैनेजर ने ऋण देने से मना कर दिया। आरोप है कि युवक ने मैनेजर की झूठी शिकायतें एसबीआई के आला अधिकारियों को कर दी तथा ऋण देने के लिए दबाव बनाने लगा। आरोप है कि युवक ने बैंक शाखा में आकर स्टाफ के अभद्रता भी की। जिसके बाद शाखा प्रबंधक ने रीजनल बिजनेस ऑफिस से एफआईआर दर्ज कराने के संबंध में स्वीकृति मांगी। स्वीकृति आने के बाद शुक्रवार को एसबीआई के ऋण प्रभारी विनीत सिंह ने आरोपी युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।