कांधला। विदेश भेजने के नाम पर तीन युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। कस्बा जलालाबाद निवासी सादिक, मोहित, अखलाक ने बृहस्पतिवार शाम को थाने में पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने बताया कि कस्बे के दो युवकों से उनकी आठ माह पूर्व मुलाकात हुई थी। दोनों युवकों ने बताया कि उनका दुबई में अपना कारोबार है ओर वे क्षेत्र से काफी लड़कों को वहां पर नौकरी दिला चुके है। दोनों युवकों ने दुबई में काम दिलाने के बहाने उनसे दो लाख रुपये ले लिए। अब बार-बार उनसे जब नौकरी के लिए भेजे जाने की बात कही जाती है तो ये लोग उन्हें रोजाना नए-नए बहाने बता रहे है। बृहस्पतिवार शाम पीड़ित युवक आरोपियों के पास पहुंचे तो दोनों ने वीजा ना मिल पाने का बहाना बनाते हुए एक बार फिर से उन्हें टरका दिया। इस बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि ठगी करने वाले दोनों युवकों से जब रुपये मांगे गए तो उन्होंने उनके साथ मारपीट कर वहां से भगा दिया गया। जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर दोनों युवकों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। जांच पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।