कैराना। किसान की भूमि के फर्जी दस्तावेजों पर बैंक द्वारा आठ लाख रुपये से अधिक ऋण स्वीकृत कर दिया गया। फर्जीवाडे की जानकारी किसान को तब हुई, जब वह कैराना तहसील में खतौनी की नकल निकलवाने पहुंचा। ग्राम रामडा निवासी सुरेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी को भेजे शिकायत पत्र में बताया कि उसने किसान क्रेडिट कार्ड से कैनरा बैंक शाखा कैराना से 1,33,000 रुपये का ऋण ले रखा है, जिसकी अदायगी इसी माह अप्रैल में कर दी गई। इसके बाद किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़वाने के लिए कैराना तहसील से खतौनी की नकल लेने गया। नकल प्राप्त होने पर उसे पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने उसकी भूमि के फर्जी दस्तावेज लगाकर ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की शाखा लिलौन से करीब आठ लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया है, जबकि उसने बैंक शाखा से ऋण लेने के लिए कोई आवेदन ही नहीं किया। इसके बाद सुरेंद्र ने बैंक शाखा में पहुंचकर ऋण के संबंध में शाखा प्रबंधक से जानकारी ली, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसने आरोप लगाया कि उसकी कृषि भूमि के फर्जी दस्तावेज लगाकर ऋण स्वीकृत कराया गया है, जिसमें बैंक कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।