बैंक के बाहर खड़ी बाइक चोरी
कैराना। आर्यपुरी निवासी सुफियान शुक्रवार दोपहर कस्बे के केनरा बैंक में आया हुआ था। वह अपनी मोटरसाइकिल को बैंक के बाहर खड़ी करके अंदर बैंक में चला गया। तभी किसी अज्ञात चोर ने उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इसकी सूचना पीड़ित ने पुलिस को दी। बाइक चोर सीसीटीवी कैमरे में आ गए, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
किसान मोर्चा मंडल की बैठक
कैराना। मोहल्ला रेतावाला में शुक्रवार को सोमपाल रोड के निवास पर गुरदयाल प्रधान की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें 18 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में किसान कल्याण सम्मेलन के लिए शामली के बीएसएम पब्लिक स्कूल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई। नरेश, राजकुमार शर्मा, सत्यपाल सिंह, ऊधम सिंह, शिवकुमार, सुनील, राजीव, विशेष, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।
किशोर और युवक लापता
कैराना। नौशाद निवासी इस्लाम नगर कैराना ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका 12 वर्षीय पुत्र शोएब कैराना के शामली रोड पर स्थित इस्लामिया मदरसा जामिया तुस्साहदा में दीनी शिक्षा ग्रहण कर रहा है। बुधवार की सुबह शोएब घर से मदरसे के लिए चला था, लेकिन वह घर नहीं आया। इसके अलावा क्षेत्र के गांव भूरा निवासी इस्लाम ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र समरयाब (26) दिन पहले घर से बाहर निकला था। जिसके बाद से उसका कही पता नहीं चला। दोनों मामलों में पुलिस ने तहरीर लेकर तलाश शुरू कर दी।