ट्यूशन पढ़ने गया छात्र हुआ लापता
कैराना (शामली)। दो दिन पूर्व गांव तितरवाड़ा से ट्यूशन पढ़ने कैराना आया छात्र लापता हो गया। छात्र के पिता ने तहरीर देकर अपने बेटे को तलाश करने की पुलिस से मांग की है।
गांव तितरवाड़ा निवासी किरणपाल ने बृहस्पतिवार को कैराना कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र प्रदीप (19 ) इंटरमीडिएट का छात्र है। प्रदीप एक अगस्त की दोपहर गांव से ट्यूशन पढ़ने के लिए कैराना आया था। शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो तमाम स्थानों पर उसको तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लापता छात्र प्रदीप को तलाशना शुरू कर दिया है। पुलिस इस संबंध में छात्र के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
वाहनों की चेकिंग
कैराना(शामली)। एसपी के आदेश पर पुलिस ने कस्बे के मुख्यमार्ग चौराहों पर यमुना पुल पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई वाहनों के चालान किए। पुलिस ने शामली रोड, कांधला तिराहा, तितरवाडा चुंगी सहित यमुना पुल पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेेट, बिना डीएल बाइक चलाने वालों के चालान किए। इस दौरान पुलिस ने कई बाइकों को सीज करते हुए कई वाहनों के चालान किए।