शहर में शुगर मिल परिसर में शादी समारोह के दौरान वधू पक्ष के लोगों से बारातियों ने अभद्रता और हाथापाई कर दी, जिससे हंगामा हो गया। दुल्हन ने ससुराल जाने से इंकार कर दिया, जिसके चलते काफी हंगामा हुआ। वहीं, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चलती रही।
शामली शुगर मिल परिसर में रहने वाले व्यक्ति की बेटी का रिश्ता हरियाणा के समालखा निवासी युवक के साथ हुआ था। सोमवार को दोपहर बाद बारात शामली पहुंची। शाम करीब छह बजे जब वरमाला की रस्म हो रही थी, तो फोटो खिंचवाने की होड़ में दूल्हा पक्ष के युवकों ने दुल्हन पक्ष के लोगों के लोगों से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए। इससे मौके पर हंगामा हो गया। आरोप है कि दुल्हन के परिजनों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दुल्हन ने ससुराल जाने से इंकार कर दिया। वहीं, हंगामे की सूचना पर शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक बारातियों की बस वहां से जा चुकी थी, लेकिन दूल्हा और उसके परिजन रुके हुए थे। पुलिस के साथ ही मौके पर मौजूद जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चलती रही। कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, दोनों पक्ष आपस में वार्ता कर रहे हैं। यदि तहरीर दी जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी।