झिंझाना (शामली)। मेरठ करनाल हाईवे पर गांव केरटू के पास स्थित खालसा ढाबे पर ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
पंजाब के जनपद कपूरथला के फगवाड़ा निवासी चालक सोनू (28) पुत्र बलजीर और उसका साथी चालक सतनाम पुत्र बीकर सिंह शनिवार तड़के करनाल की तरफ से ट्रक लेकर शामली की ओर आ रहे थे। झिंझाना थाना क्षेत्र में केरटू गांव के पास खालसा ढाबे पर वह खाना खाने के लिए रुक गए थे। खाना खाने के बाद सोनू ट्रक में जाकर सो गया था। सुबह करीब छह बजे साथी चालक सतनाम ने सोनू को जगाने का प्रयास किया, तो वह अचेत मिला। इस पर सतनाम ने 108 एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद चालक सोनू को झिंझाना सीएचसी लाया गया। वहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना दिए जाने पर सोनू का भाई कुलदीप भी अस्पताल पहुंचा और फिर झिंझाना थाना पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया की चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।