कैराना (शामली)। गवाही कराने के नाम पर कैराना तहसील बुला कर धोखे से 22 लाख रुपये देना दर्शा कर 30 बीघा कृषि भूमि का इकरारनामा करा लिया। पीड़ित किसान ने अदालत के आदेश पर दस्तावेज लेखक सहित चार आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। हरियाणा के करनाल निवासी महावीर सिंह की गांव मसूरा परगना बिड़ौली में 30 बीघा कृषि भूमि है। महावीर सिंह ने अदालत के माध्यम से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी कि 12 जुलाई 2017 को करनाल निवासी लखविंदर कौर, कश्मीर सिंह, परविंदर उसे गवाही दिलाने की बात कह कर कैराना तहसील लेकर आए थे। आरोपियों ने कैराना तहसील में दस्तावेज लेखक मेहंदी हसन ने धोखे से उसकी भूमि को 40 लाख में बेचना दर्शा कर 22 लाख रुपये का फर्जी इकरारनामा करा लिया। जबकि उसने अपनी जमीन न ही तो बेची है ओर न ही जमीन का इकरारनामा किया। मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने चारों आरोपियों के रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।