शामली।
नौ माह पूर्व हरिद्वार जिले के रानीपुर से चोरी हुई बाइक शामली में मिल गई। सूचना पर रविवार को उत्तराखंड पुलिस कोतवाली पहुंची और बाइक को बरामद कर ले गई।
रविवार को उत्तराखंड के थाना बीएचईएल रानीपुर पुलिस कोतवाली में पहुंची। पुलिस ने बताया कि उनके थानाक्षेत्र से गत दीपावली की शाम बाबूराम पुत्र बारू सिंह की बाइक चोरी हो गई थीं। रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तब से पुलिस मुकदमे की तफ्तीश कर रही थी। कई दिन पूर्व हरिद्वार पुलिस को सूचना मिली कि शामली जिले में पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। उनके कब्जे से चोरी की 32 बाइक बरामद हुई हैं। जिसके बाद हरिद्वार पुलिस ने शामली पुलिस से संपर्क साधा और बाइक के चेसिस नंबर मंगवाए। इनमें से एक बाइक से चोरी हुई बाइक का नंबर तथा चेसिस नंबर का मिलान हो गया। जिसके बाद रविवार को पुलिस कोतवाली में पहुंची और आमद दर्ज कराकर यहां से उक्त बाइक को ले गई। हरिद्वार पुलिस के अनुसार जल्द ही आरोपी को भी रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा, क्योंकि उनके यहां कई बाइक चोरी हैं।