गांव रामड़ा में बटाई की जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट और जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग की सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस की गाड़ी पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। बाद में एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कई लोगों लोगों को हिरासत में ले लिया।
मंगलवार शाम सात बजे गांव रामड़ा में जमीन के विवाद में ग्राम प्रधान समसूदीन के पु़त्र मोमिन व राशन डीलर फान्ना पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों के बीच मारपीट होने लगी। मामला बढ़ने पर दोनो पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब आधा घंटे तक दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। सूचना पर डायल 100 पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसी बीच झगड़ा कर रहे लोगों ने पुलिस का विरोध करते हुए गाड़ी पर भी पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस की गाड़ी वहां से लौट आई। गांव में फायरिंग व पुलिस की गाड़ी पर पथराव की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जिसके बाद आरोपी फरार होने लगे, लेकिन पुलिस ने वहां से छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से बार-बार फायरिंग किए जाने के फोन आ रहे थे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।