मुजफ्फरनगर मार्ग पर बुटराड़ा स्टैंड के पास बंद पड़े क्रेशर पर मंगलवार रात आबकारी और पुलिस ने छापा मारा। मौके से 1800 लीटर रेक्टीफाइड स्प्रिट बरामद हुई, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में होटल संचालक को नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार को पुलिस और आबकारी अधिकारियों को सूचना मिली कि बुटराड़ा स्टैंड के पास बंद पड़े क्रेशर में अवैध रूप से शराब बनाने का धंधा चल रहा है। इसके चलते देर रात करीब साढ़े 11 बजे आबकारी अधिकारियों ने बाबरी थाना पुलिस को साथ लेकर छापा मारा। मौके से तीन आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके से नौ ड्रम और तीन कैन बरामद किए, जिनमें 1800 लीटर रेक्टिफाइड स्प्रिट भरा था। बाबरी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में बुटराड़ा स्टैंड के पास ही होटल चलाने वाला नौशाद पुत्र जफर को नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, होटल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना पर कुछ सफेदपोश लोग भी उसकी सिफारिश में जुट गए, लेकिन थानाध्यक्ष संदीप बालियान ने उनकी एक नहीं सुनी।
युवक की मौत पर उठ रहे सवाल
बाबरी। गांव सोंटा निवासी नितिन (23) बुटराड़ा स्टैंड के पास ही होटल पर नौकरी करता था। मंगलवार दोपहर नितिन ने की हालत बिगड़ गई। इसके बाद होटल संचालक ने उसको शामली स्थित अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत के चलते नितिन को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान नितिन की मौत हो गई। पोस्टमार्टम होने के बाद नितिन का शव सोंटा गांव लाया गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। चर्चा है कि नितिन जिस होटल पर नौकरी करता था, वहां से लेकर उसने शराब पी थी। शराब जहरीली होने के कारण उसकी मौत हो गई, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।