किवाना रेलवे फाटक के समीप हथियारबंद पांच बदमाशों ने रिटायर्ड फौजी और उसके साथी को पीटकर नकदी, मोबाइल फोन और मोटर साइकिल लूट ली। पुलिस ने बदमाशों को तलाशने के लिए चेकिंग कराई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
गांव किवाना निवासी श्रीपाल रिटायर्ड फौजी अपने साथी जितेंद्र के साथ मंगलवार शाम किसी कार्य से कांधला आया था। गांव लौटते समय करीब आठ बजे जब वह बाइक किवाना रेलवे फाटक के समीप पहुंचे तो हथियारबंद पांच बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया। पीड़ित के अनुसार तमंचों से आतंकित करते हुए उन्हें पीटकर पांच हजार रुपये, मोबाइल फोन और बाइक लूट ली। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। मामले की सूचना पीड़ित ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को तलाशने के लिए कांबिंग कराई लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। बुधवार को श्रीपाल ने ग्रामीणों के साथ कांधला थाने पर पहुंचकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।
महिला से छेड़छाड़, विरोध पर पीटा
कांधला। कस्बा के एक मोहल्ला निवासी महिला ने अपने परिवार के लोगों के साथ बुधवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। उसमें बताया कि मंगलवार शाम उसके पति किसी कार्य के लिए बाहर गए हुए थे। आरोप है कि मोहल्ले के दो युवक रात में उसके घर में घुस गए और बदनियती से महिला को दबोचकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर पीटकर महिला को घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।