प्रधान पति और पंचायत सचिव में तनातनी
कांधला। ग्राम पंजोखरा निवासी जयकरण चौहान की पत्नी बिलकेश ग्राम प्रधान हैं। सोमवार शाम विकास कार्यों को लेकर ग्राम प्रधान पति जयकरण चौहान और ग्राम पंचायत सचिव बबलू कुमार के बीच कहासुनी हो गई। ग्राम प्रधान पति ने मंगलवार को ग्राम पंचायत सचिव बबलू कुमार के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के साथ अन्य कई आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, दूसरी ओर ग्राम पंचायत सचिव बबलू कुमार ने आधा दर्जन से अधिक ग्राम पंचायत सचिवों के साथ मिलकर ग्राम प्रधान पति पर शौचालयों में लाभार्थियों से वसूली ओर विरोध करने पर अभद्र व्यवहार करने, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से आरोप प्रत्यारोप को लेकर तहरीर मिली है। जांच पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।