कैराना (ब्यूरो)। गांव अकबरपुर सुन्हेटी निवासी सारिक ने चार माह पहले गांव के ही एक युवक से एक बाइक खरीदी थी। सारिक ने रुपये तो दे दिए थे, लेकिन बाइक के कागज नहीं लिए थे। सारिक के मुताबिक चार माह पूर्व वह कैराना बाइपास निवासी अपने रिश्तेदार हाशिम के मकान में बाइक खड़ी करके बंगलूरू काम के सिलसिले से चला गया था। शनिवार की देर शाम वह वापस आया और बाइपास से अपनी बाइक लेकर अकबरपुर सुन्हेटी जा रहा था। रास्ते मेें मिले बाइक बेचने वाले युवक से उसने कागजों की मांग की। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने अपने तीन साथियों के साथ पिटाई कर उसे घायल कर दिया। हमलावरों ने सारिक से बंगलूरू से कपड़ा बेच कर लाये 70 हजार रुपये भी छीन लिए। बाद में हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गये। पीड़ित सारिक ने अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।