भाजपा नेता समेत दो का शांतिभंग की आशंका में चालान
शामली। शहर के मोहल्ला टीचर कालोनी की बंद गली की दीवार तोड़ने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता और प्रापर्टी डीलर को सरकारी आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
एक सप्ताह से टीचर कालोनी में बंद गली की दीवार को लेकर विवाद चल रहा है। कालोनीवासियों का आरोप है कि गली नंबर पांच में आखिर वाले मकान मालिक संजीव मलिक अपने मकान से रास्ता देकर पीछे वाले प्रॉपर्टी डीलर को लाभ पहुंचाने की कोशिश की थी। इसकी शिकायत डीएम अखिलेश सिंह से की गई थी। कालोनीवासियों का कहना था कि पुरानी गली में दीवार बनी हुई है। बैनामे में गली का रास्ता बंद है। उन्होंने मकान मालिक पर गलत तरीके से रास्ता देने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी सुुभाष सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। रास्ता न देने की हिदायत दी थी। बताया गया है कि मंगलवार को कुछ लोगों ने दीवार तोड़नी शुरू कर दी। कालोनीवासियों ने विरोध करते हुए फिर हंगामा किया। इसके बाद लोगों ने डीएम अखिलेश सिंह और एसपी अजय कुमार से मिलकर दीवार तोड़ने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। डीएम के आदेश पर कोतवाली और आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि संजीव मलिक और सन्नी जैन को सरकारी आदेशों की अवहेलना कर दीवार तोड़ने के आरोप में उनका शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। संजीव मलिक भाजपा नेता और सन्नी जैन को प्रॉपर्टी डीलर बताया गया है। डीएम ने पुलिस सुरक्षा में दीवार बनवाने के निर्देश दिए है।