शामली। क्षेत्र में कैराना रोड पर कार की टक्कर लगने से बाइक सवार समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए।
सोमवार को कैराना थानाक्षेत्र के गांव मंडावर निवासी जहीर ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा साबिर और अफजाल बाइक से शामली आ रहे थे। जब वे सुबह करीब 11 बजे कैराना रोड पर एक निजी अस्पताल के सामने पहुंचे तो तेजी से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक सवार दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। इसी दौरान वहां पर खड़े गांव के मांगा भी चपेट में आकर घायल हो गए। आरोपी चालक कार समेत फरार हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि जहीर की तरफ से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।