झिंझाना। पुलिस ने ऊन क्षेत्र के गांव गागोर के जंगल में छापा मारकर नलकूप के कमरे में चल रही तमंचे बनाने की फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी तीन माह से वांछित चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
झिंझाना थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि शनिवार को ऊन चौकी प्रभारी एसएन दहिया ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना क्षेत्र के गांव गागोर के जंगल में स्थित नलकूप के कमरे पर छापा मारा। पुलिस ने मौके पर तमंचे बना रहा युवक पुलिस टीम को देेखकर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अलीशान निवासी गांव ओदरी थाना झिंझाना बताया। पुलिस टीम ने मौके से पांच तमंचे बने हुए और छह तमंचे अधबने, चार कारतूस, ड्रिल मशीन, नाल पाइप, अवैध हथियारों के कलपुर्जे और उपकरण आदि सामान बरामद हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
तीन माह से वांछित चल रहा था आरोपी
उन चौकी प्रभारी एसएन दहिया ने बताया की करीब तीन माह पहले 20 मार्च को गागौर के जंगल में अवैध शस्त्र बनाने के आरोप में पकड़ा गया आरोपी अलीशान करीब छह माह से वांछित चल रहा था। करीब छह माह पूर्व खोड़समा में तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई थी। उस समय मौके से एक आरोपी जाकिर निवासी गांव ओदरी गिरफ्तार हुआ था जबकि उसका साथी आलीशान उस समय मौके से फरार हो गया था। तब से अलीशान वांछित चल रहा था। एसपी अजय कुमार ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। चौकी प्रभारी के मुताबिक आरोपी अलीशान और जाकिर दिखावे के लिए कार चलाने का काम करते थे, ताकि उन पर कोई शक न करे लेकिन चालक की आड़ में वे तमंचा बनाने के धंधे में लिप्त थे।