थानाभवन। चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर जेवर, कपड़े, सिलिंडर सहित हजारों का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला शाहविलायत निवासी साजिद पुत्र शहीद एक माह पहले ससुराल गया था। 15 दिन पहले साजिद घर आया था और शाम को लौट गया था। सोमवार सुबह साजिद के पड़ोसियों ने उसे फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। परिजनों ने घर लौटकर देखा तो मकान से गैस सिलिंडर, बर्तन, कुंडल, चेन, पाजेब, कपड़े आदि सामान चोरी कर लिया। साजिद ने बताया कि चोर उसके घर से करीब 70 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।