जमीन के विवाद में दो परिवारों में चले डंडे
कांधला।
जमीन के विवाद को लेकर गांव आल्दी में दो भाइयों के परिवारों मेें डंडे चल गए, जिसमें दोनों परिवारों के तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने डाक्टरी कराने के बाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव आल्दी निवासी सुभाष और रामपाल दोनो सगे भाइयों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। पूर्व में भी दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा हो चुका है। रविवार सुबह सुभाष अपने परिवार के साथ फसल काटने के लिए खेत पर पहुंचा। इसी दौरान रामपाल का परिवार भी वहां आ गया और फसल काटने का विरोध कर दिया। इस पर दोनो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष से सुभाष व रवि और दूसरे पक्ष से रामपाल घायल हो गया। दोनो पक्षों के लोगों ने चिकित्सा कराने के बाद एक दूसरे के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।