शामली। गांव राझड निवासी रामपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बचत खाता गढ़ीपुख्ता में पीएनबी शाखा में है। 23 जुलाई को वह किसी काम से शामली आया हुआ था। बुढ़ाना रोड स्थित एक बैंक के एटीएम से रुपये निकाले और घर चला गया। इसके बाद उसके बचत खाते में करीब दो हजार रुपये शेष रह गए। उनके मोबाइल पर 24 जुलाई की शाम 10 हजार रुपये निकाले जाने का मेसेज आया। अगले दिन उन्होंने इसकी बैंक में जाकर जानकारी की तो पता चला कि उनके एकाउंट से एटीएम से माध्यम से 10 हजार रुपये निकाले गए है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को जानकारी दी कि जब उनका क्रेडिट कार्ड नहीं है और खाते में मात्र दो हजार रुपये है। ऐसे में उनके खाते से 10 हजार रुपये की रकम एटीएम के माध्यम से कैसे निकली? जबकि उनका एटीएम भी उन्हीं के पास है। कमाल की बात है कि 10 हजार रुपये निकाले जाने के बाद उनका बैलेंस आठ रुपये माइनस में चला गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।