हथियारबंद बदमाशों ने ट्रक लूटा
जलालाबाद। हथियारबंद तीन बदमाशों ने ट्रक लूट लिया। ट्रक चालक और उसके साथी को बंधक बनाकर ट्रक में डालकर चलने लगे, लेकिन तभी डायल 100 पुलिस आ गई। इसके चलते लूटा गया ट्रक छोड़कर बदमाश फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने चालक और क्लीनर को बंधनमुक्त करके ट्रक बरामद कर लिया।
जलालाबाद क्षेत्र में दिल्ली सहारनपुर हाइवे पर रविवार रात करीब 12 बजे प्राचीन हनुमान मंदिर के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके ट्रक रुकवा लिया। दो बदमाश ट्रक में सवार हो गए। ट्रक चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर ट्रक में ही डाल लिया। इसके बाद ट्रक को दखोडी-अलीपुर मार्ग पर ले गए। वहां तीव्र मोड़ आने के कारण ट्रक मुड़ नहीं पाया और रास्ते में ही फंस गया। इसी दौरान ग्रामीण ने डायल 100 पुलिस को सूचना दे दी। तुरंत डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची, तो बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक में बंधे चालक मुकेश पुत्र सुपर्चा और क्लीनर उमेश पुत्र देवीराम निवासी भरतपुर राजस्थान को बंधनमुक्त कराया। चालक मुकेश ने बताया कि ट्रक मालिक मदन बाटला जयपुर राजस्थान का रहने वाला है। ट्रक में वह कोयला लादकर मेरठ लाए थे। वहां ट्रक खाली करने के बाद जलालाबाद से होते हुए रामपुर मनिहारान से आम की पेटियां लादने के लिए जा रहे थे। थानाभवन थानाध्यक्ष का कहना है कि ट्रक बरामद कर लिया गया है। ट्रक मालिक के आने पर कार्रवाई की जाएगी।
हमने ट्रक लूट लिया है...
ट्रक चालक मुकेश ने बताया कि ट्रक लूटने के बाद बदमाश किसी से फोन पर बात कर रहे थे और कह रहे थे कि हमने ट्रक लूट लिया और लेकर आ रहे। इससे पहले कि बदमाश ट्रक को लेकर भाग पाते, तब तक ट्रक मोड़ पर फंस गया था और सूचना दिए जाने पर पुलिस भी पहुंच गई, जिससे बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।