घर में घुसकर चार युवकों ने छात्रा को बुरी नियत से दबोच लिया। विरोध करने पर आरोपी युवकों ने छात्रा के पिता और भाई को पीट कर घायल कर दिया। पिता ने चारों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया।
गांव भभीसा निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि गांव निवासी अंकुर कई दिन से उनकी बेटी को कॉलेज जाते समय छेड़छाड़ करता था। बृहस्पतिवार की शाम को जब छात्रा कॉलेज से घर आ रही थी तो रास्ते में अंकुर ने अपने साथी छोटू, गौरव, अमित के साथ मिलकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने घर आकर इन लोगों की शिकायत की। परिजन आरोपियों के परिवार के लोगों को बताने गए तो चारों झगड़े पर उतर आए। आरोप है कि देर रात चारों एक राय होकर छात्रा के घर में घुस गए और बुरी नियत से उसे दबोच लिया। छात्रा के विरोध किए जाने पर हंगामा खड़ा हो गया। आरोपियों ने हमला करके छात्रा के पिता-भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पिता ने शुक्रवार को अपने परिवार के लोगों के साथ थाने पर पहुंचकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की । थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी गौरव, अमित, अंकुर को गिरफ्तार कर लिया है।