कैराना ( ब्यूरो)। गांव झाड़खेड़ी में घर के बाहर आंगन में सो रहे ग्रामीण की ठंड से मौत हो गई। परिजनों ने बगैर किसी कानूनी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया। गांव झाड़खेडी निवासी श्यामवीर का बेटा नीटू (40 ) बृहस्पतिवार रात घर के बाहर आंगन में चारपाई बिछाकर सो गया। शुक्रवार सुबह परिजनों ने नीटू को जगाना चाहा, तो वह नहीं जागा। परिजनों ने उसे हिलाया, तो पता चला कि नीटू की मौत हो चुकी है। मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। युवक की मौत से परिजनों मेें मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि श्यामवीर का परिवार गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। उधर, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
महिला को कोतवाली में बैठाया
कैराना। ग्राम मवी में बृहस्पतिवार की रात एक महिला अपने बच्चे के साथ लावारिस घूमती मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस उसको थाने ले आई। महिला ने अपना नाम वसीला बताया, मगर वह अपने घर का पता नहीं बता सकी। इस कारण महिला के परिजनों का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस प्रयास में लगी हुई है।
सूदखोर दे रहा जान से मारने की धमकी
शामली। मोहल्ला पीपलोतला निवासी शादाब ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कहा कि कैराना के ही एक युवक से दो साल पूर्व उसने पांच लाख रुपये छह प्रतिशत मासिक ब्याज पर लिए थे। उसने करीब 11 लाख 80 हजार रुपये अदा कर दिए, लेकिन आरोपी अब भी रुपयों की मांग करता है। विरोध करने पर जान से मारने और दुकान पर अवैध कब्जा करने की धमकी देता है। शादाब ने गुहार लगाई है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
धोखेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शामली। तालाब रोड निवासी श्याम प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर बताया कि 2015 में कैराना निवासी तीन लोगों ने दिल्ली के उत्तमनगर में फ्लैट दिलाने के नाम पर उससे तीन लाख 80 हजार रुपये लिए, लेकिन फ्लैट नहीं दिलवाया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कैराना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। आरोप है कि आरोपी पक्ष मुकदमे में फैसला करने के लिए दबाव बनाते हुए धमकी भी दे रहा है। पुलिस अधीक्षक ने जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।