नहीं रुक रहा अवैध रेत खनन
ऊन(शामली)। यमुना नदी से अवैध रेत खनन पर अंकुश नहीं लग रहा है। अभी तक रेत के खनन के पट्टे आवंटित नहीं हुए है। इसके बावजूद रोजाना ही ट्रकों में रेत लादकर लाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस की मिलीभगत भी सामने आ रही है। बुधवार रात भी ऊन चौकी पुलिस ने रेत से लदे दो डंपर पकड़े और सुबह होने से पहले ही उनको छोड़ दिया गया। पुलिस का दावा है कि ओवरलोड होने के चलते जुर्माना वसूलने के बाद डंपरों को छोड़ा गया।
झिंझाना थाना क्षेत्र में अवैध खनन से लदे वाहन दिन रात दौड़ते हैं। बिड़ौली चेकपोस्ट से चौसाना और ऊन चौकी क्षेत्र से होते हुए रेत लदे वाहन थानाभवन की तरफ निकलते हैं। ताज्जुब है कि शासन ने नई खनन नीति के तहत अभी जिले में किसी का खनन पट्टा आवंटित नहीं किया है, बावजूद इसके रेत खनन चल रहा है। उधर, बृहस्पतिवार रात ऊन चौकी पुलिस ने थानाभवन की तरफ जा रहे दो डंपर पकड़ लिए तथा चौकी पर खड़ा करा लिया। बाद में खनन माफिया उन डंपरों को छुड़वाने के लिए सक्रिय हो गए। आरोप है कि बाद में डंपरों को छोड़ दिया गया। ऊन चौकी प्रभारी अवनीश अष्टवाल ने कहा कि डंपर चालकों ने सभी कागजात दिखाए थे, लेकिन दोनों ओवरलोड थे, जिसके चलते ओवरलोड के तहत कार्रवाई की गई। दो दो हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद डंपर छोड़ दिए गए।
--- ओवरलोड में जुर्माना ?
यातायात नियमावली के मुताबिक ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एआरटीओ (सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी) को अधिकार है। पुलिस वाहनों को पकड़ सकती है, लेकिन ओवरलोड में जुर्माना नहीं कर सकती है। बावजूद इसके ऊन चौकी पुलिस अपने हिसाब से ही नियमों का पालन कर रही है।