शहर के एक निजी स्कूल में भौतिक विज्ञान के शिक्षक ने ट्यूशन नहीं लगाने पर कुछ छात्रों की पिटाई कर डाली। इसको लेकर अभिभावकों ने स्कूल में पहुंचकर हंगामा प्रदर्शन किया तथा शिक्षक के खिलाफ स्कूल प्रबंधक से शिकायत की। इसके बाद शिक्षक को स्कूल से हटा दिया गया।
मंगलवार को शहर के मुजफ्फरनगर रोड स्थित मदरलैंड पब्लिक स्कूल में पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि कक्षा 12 में भौतिक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षक देवेंद्र कुमार ने छात्र कार्तिक, चेतन व अभिषेक की अन्य स्कूल के शिक्षक से ट्यूूशन पढ़ने से मना किया। अपने पास ट्यूशन लगाने का दबाव बनाया। जब छात्रों ने शिक्षक के पास ट्यूशन पढ़ने से इंकार कर दिया, तो शिक्षक ने तीनों की पिटाई कर डाली। इसके बाद छात्रों ने पिटाई की बात जब घर पर परिजनों को दी। इसको लेकर अभिभावकों ने हंगामा प्रदर्शन किया। इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रधानाचार्य राकेश कुमार व प्रबंधक चेतन मुंजाल से मुलाकात की। परिजनों और छात्रों की बात सुनने के बाद प्रबंधक चेतन मुंजाल ने आरोपी शिक्षक को स्कूल हटा दिया। उन्होंने परिजनों से भविष्य में ऐसी शिकायत न मिलने का आश्वासन दिया।