परिजनों ने रखी रिपोर्ट दर्ज करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। शहर के विजय चौक के पास बस एजेंट को गोली मारकर घायल करने के मामले में पीड़ित परिजनों ने एसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़ितों का आरोप है कि शहर कोतवाली पुलिस इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। एसपी ने कोतवाली पुलिस को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव कसेरवा खुर्द निवासी विक्रांत ने परिजनों के साथ एसपी अजय कुमार को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पिता राज सिंह पिछले करीब 30 साल से कैराना प्राइवेट बस स्टैंड पर बस एजेंट के रूप में कार्य रहे हैं। आरोप है कि गत 21 जनवरी को वे बाइक से घर जा रहे थे। विजय चौक के पास पीछे से आए अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया था। उपचार मेरठ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि वे शहर कोतवाली में 24 जनवरी और 27 जनवरी को दो बार रिपोर्ट दर्ज कराने गए और तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस किसी वाहन से पत्थर उछलकर लगने से घायल होने की बात कह रही है। पीड़ितों ने एसपी को बताया कि उनकी जानकारी में आया कि उस समय कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। उन्होंने निकट की एक दुकान की सीसीटीवी फुटेज देखी तो घटना के समय की फुटेज कैमरे से गायब मिली। एसपी ने कोतवाली पुलिस को इस मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया।
मुकदमे में जांच की मांग
शामली। बाबरी निवासी सलमा पत्नी इरशाद ने एसपी कार्यालय पहुंची। सलमा ने बताया कि उसका पति और पुत्र मजदूरी करता है। गांव के एक व्यक्ति करीब तीन माह पहले मौत हो गई थी। इस मामले में उसके पति और पुत्र के खिलाफ रंजिशन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जबकि उनके पति और पुत्र का इससे कोई संबंध नहीं है। पीड़ित महिला ने एसपी से जांच कराकर न्याय की गुुहार लगाई। इस मौके पर सलीम, हारून, जहीरा, ब्रह्मपाल, सुरेंद्र, रिहाना, साहिब, मुन्नी, शफी, नईम, शेखर सिंह, कल्लू आदि रहे।