हिमाचल प्रदेश के व्यापारी से 80 हजार की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। दंगा विस्थापित कालोनी में रहने वाले दो युवकों ने हिमाचल प्रदेश के व्यापारी के साथ 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित व्यापारी ने कैराना कोतवाली पुलिस से शिकायत कर आरोपियों से रुपये दिलाने की मांग की ।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर शहर निवासी चादरों का व्यापार करने वाले कृष्णपाल अपनी पत्नी के साथ कैराना कोतवाली पहुंचे। कृष्णपाल ने पुलिस को बताया कि कैराना में भूरा रोड पर नाहिद कालोनी (दंगा विस्थापितों की कालोनी) में रहने वाले दो युवक उसकी दुकान से उधार में गर्म चादरें लेकर अपने लड़कों से बिक्री कराते थे। फरवरी माह में 80 हजार रुपये बकाया हो जाने के बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस से गुहार लगाई कि आरोपी युवकों से उसकी रकम वापस दिलाई जाए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियो को तलाश किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद व्यापारी और उनकी पत्नी भी हिमाचल लौट गई।