जलालाबाद। रेत के अवैध भंडारण की शिकायत पर खनन अधिकारी ने छापा मारा और पांच हजार घन मीटर रेत सीज कर भूमि स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी। ग्राम सोहजनी उमरपुर में बड़े पैमाने पर खनन कर रेत के अवैध भंडारण की शिकायत ग्रामीण मुंसब पुत्र सदीक ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से जिला खनन अधिकारी शामली को जांच के लिए आदेशित किया गया था। खान अधिकारी बृजेश गौतम ने सोमवार की शाम तहसील कर्मियों, हल्का लेखपाल नफीस अहमद व पुलिस टीम को साथ लेकर सोहजनी उमरपुर में गंगोह रोड पर छापा मारा। यहां लगभग छह बीघा भूमि पर रेत का बड़ा भंडारण पाया गया। इसकी पैमाइश करने पर पांच हजार घन मीटर अवैध रूप से खनन कर इकट्ठा किया गया रेत बरामद किया गया है। खान अधिकारी ब्रजेश गौतम ने बताया कि इतने बड़े भंडारण का कोई किसी प्रकार का लाइसेंस नहीं दिया गया है। यह पूरी तरह से अवैध है और जिस भूमि पर अवैध भंडारण किया गया है, उसके स्वामी मोबीन अहमद के खिलाफ अवैध रूप से रेत भंडारण करने पर मामला दर्ज कराया जा रहा है। रेत को सीज कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।