झिंझाना। रंजिश के चलते गांव लक्ष्मणपुरा निवासी युवक को लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला करके घायल करने के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार शाम गांव लक्ष्मणपुरा निवासी राजेंद्र पुत्र ओमप्रकाश को अलीनगर गांव के रास्ते पर पांच युवकों ने रोक लिया था और पास की ट्यूबवेल पर ले जाकर डंडे तथा धारदार हथियार से हमला करके घायल कर दिया था। घटना के दौरान मोबाइल फोन से वीडियो क्लिप भी बनाई गई थी, जो वायरल हो गई। इसके बाद सोमवार को राजेंद्र के पिता ओमप्रकाश ने आरोपी रामकुमार, मोहर सिंह, रोहताश, मंशाराम और धमेंद्र निवासी गांव धर्मपुरा के खिलाफ थाना झिझाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपी धमेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।