व्यापारी ने तहरीर देकर न्याय की लगाई गुहार
जलालाबाद।
मोहल्ला गंगा आर्यनगर निवासी टेंट व्यापारी रवींद्र गर्ग कस्बे के मुख्य टेंट व्यापारी है, जिनके यहां नवंबर 2017 की सर्दियों में बदमाशों ने धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली थी। इसमें लाखों की नकदी आदि कीमती सामान बदमाश ले गए थे।
पुलिस ने उक्त डकैती का खुलासा किया था तथा दूसरे जनपद में पुलिस मुठभेड़ में डकैती में शामिल दो बदमाश मारे भी गए थे। शुक्रवार की रात दो बाइक पर बदमाश आकर मैन रोड पर गली के बाहर आकर रुके और टेंट व्यापारी के मकान के आसपास देखे गए। इसके बाद भनक पड़ने पर मोहल्ले में शोरशराबा हुआ और मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। तत्काल पुलिस चौकी प्रभारी को बदमाशों के होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची उससे पहले ही मौका पाकर बदमाश फरार हो गए । टेंट व्यापारी रवींद्र गर्ग ने मोहल्ले के लोगों के साथ सारा मामला चौकी प्रभारी पवन कुमार सैनी को बताया तथा पुलिस को लिखकर अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। रविंद्र गर्ग को आशंका है कि कोई बदमाश बदले की भावना से परिवार पर जानलेवा हमला न कर दें। टेंट व्यापारी का परिवार पूरी तरह डरा व सहमा हुआ है। उधर, इस मामले में चौकी प्रभारी पवन कुमार सैनी से जानकारी ली गई, तो उनका कहना है कि टेंट व्यापारी ने बदमाशों के आने की सूचना दी थी, पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहल्ले में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।