फर्जी निकला अपहरण का मामला, घर पर मिले दोनों भाई
थानाभवन (शामली)। आठ महीना पूर्व दर्ज कराई गई दो भाइयों के अपहरण का मामला फर्जी निकला। वह दोनों भाई अपने गांव मुंडेट खादर में घर पर रह रहे थे। वहीं, एक भाई की पत्नी ने दिल्ली के शाहदरा में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके चलते दिल्ली पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और दोनों भाइयों को अपने साथ ले गई।
थानाभवन क्षेत्र के गांव मुंडेट खादर निवासी मयंक ने आठ महीना पूर्व थानाभवन थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता सुधीर और चाचा रविंद्र का अपहरण कर लिया गया है। इसकी जांच उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने की। जांच में सुधीर और रविंद्र की लोकेशन शाहदरा (दिल्ली) में मिली थी। शाहदरा में वह मकान लेकर रह रहे थे। वहीं, जांच में यह भी पता चला कि सुधीर की पत्नी ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने से दो दिन पूर्व ही शाहदरा थाने में सुधीर और रविंद्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसकी जांच शाहदरा थाने की पुलिस कर रही थी। थानाभवन पुलिस ने जांच करके प्रकरण की पोल खोल दी और दिल्ली पुलिस को भी इससे अवगत करा दिया। वहीं, शनिवार को दिल्ली पुलिस की टीम थानाभवन थाने पहुंची, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर सुधीर और रविंद्र के घर पर पहुंचे, तो दोनों भाई वहीं मिल गए। इसके बाद दिल्ली पुलिस टीम दोनों को भाइयों को अपने साथ ले गई। थाना प्रभारी का कहना है कि सुधीर और रविंद्र के अपहरण की साजिश किसे फंसाने के लिए रची गई थी, अभी यह पता नहीं चल सका है।