मामूली विवाद में किसान पर हमला
कांधला। मामूली विवाद में चार लोगों ने किसान पर हमला कर दिया। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रामकौर निवासी रजनीश रविवार दोपहर अपने खेत पर जा रहा था। आरोप है कि गांव का एक व्यक्ति उससे रंजिश रखता है और पूर्व में भी कई बार उसके साथ गाली गलौज व मारपीट कर चुका है। आरोप है कि खेत पर जाते समय उक्त युवक ने अपनी साइकिल को रास्ते में खड़ा कर दिया। किसान रजनीश ने जब रास्ता मांगा, तो उसके साथ गालीगलौज प्रारंभ कर दी। विरोध करने पर युवक ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडे से हमला कर दिया। हमले में रजनीश घायल हो गया। शोरशराबा होने पर लोग इकट्ठा हुए, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। रजनीश ने कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा कराने के बाद चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।