कांधला। बुढ़ाना मार्ग पर हथियारबंद पांच बदमाशों ने 12 लाख रुपये की चीनी से लदा ट्रक लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक और उसके साथी से पिटाई करने के बाद 30 हजार रुपये लूट लिए। दोनों को बंधक बनाकर बदमाश खेत में डालकर फरार हो गए। पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रक को कैराना बार्डर से पकड़ने का दावा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खेल खालापार निवासी ट्रक चालक सलमान शुक्रवार शाम मोरना चीनी मिल से ट्रक में 300 बोरे चीनी लादकर साथी चालक जावेद के साथ दिल्ली के लिए चला था। रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर पहुंचे, तो पीछे सेे एक गाड़ी में सवार होकर आए पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक रुकवा लिया। बदमाशों में से दो ने उन्हें ट्रक से नीचे उतारा और चीनी से लदा ट्रक लेकर फरार हो गए। बाकी तीन बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और 30 हजार रुपये लूट लिए।
बदमाश उन्हें बंधक बनाकर खेत में डालकर फरार हो गए। किसी तरह बंधक मुक्त होकर उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बुढ़ाना, कांधला और कैराना थाना पुलिस ने बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर चेकिंग शुरू कराई। कांधला थाना पुलिस ने कैराना बार्डर से चीनी लदा ट्रक बरामद कर लिया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
शनिवार दोपहर बाद सलमान ने कांधला थाने पर तहरीर देकर बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव का कहना है कि ट्रक बरामद कर लिया गया है, बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने रात भर दबाए रखा मामला
चालक सलमान के मुताबिक रात में ही पुलिस को ट्रक लूट की सूचना दे दी थी। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग तो की, लेकिन मामला दबाए रखा। शनिवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी और मामले में कार्रवाई की मांग की।