कस्बा कैराना में स्थित दुकान पर मिठाई खरीद रहे युवक ने दुकानदार के पैसे मांगने पर पिटाई कर दुकान में तोड़फोड़ कर दी। आरोपी दुकानदार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। दुकानदार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को कस्बे के मोहल्ला गुंबद स्थित साधू स्वीटस विक्रेता अनुभव गर्ग ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शाम के समय जहानपुरा निवासी बाइक सवार युवक मिठाई खरीदने आया था। जिसके बाद युवक मिठाई खरीदकर बिना पैसे दिए ही चलने लगा। जैसे ही मैने युवक को आवाज देकर पैसे मांगे, तो युवक ने मारपीट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ कर दी।
मकान की छत गिरी
शामली। गांव जाफरपुर में बुधवार दोपहर करीब 11 बजे उस्मान के मकान की छत गिर गई। मकान में मौजूद परिवार के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। छत गिरने से मलबे में दबकर घर में रखा सामान नष्ट हो गया। गांव के ही शाहरुख, वादिल और नफीस ने बताया कि उस्मान के मकान की छत कच्ची थी। सुबह से बूंदाबांदी होने के कारण छत में पानी घिस गया और छत गिर गई। हादसे में उस्मान को आर्थिक नुकसान हुआ है, जिसके लिए प्रशासन को सहायता दिलानी चाहिए।