ससुरालियों ने महिला को बंधक बनाया
मंसूरपुर। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और दो दिन तक घर में बंधक बनाकर रखा। मायके वालों ने पहुंचकर विवाहिता को बंधनमुक्त कराया। मायके वालों ने महिला के पति समेत तीन के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दे दी है।
थाना पुरकाजी के गांव रणावली निवासी मोनिका पुत्री सुबोध की शादी तीन वर्ष पूर्व मंसूरपुर के गांव पुरबालियान में अमित पुत्र जयपाल के साथ हुई थी। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले मोनिका से अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे और आए दिन ताना देते रहते थे। दो दिन पूर्व ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर मोनिका के साथ मारपीट की और कमरे में बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि ससुराल वालों ने पीड़िता को दो दिन तक खाना तक नहीं दिया। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी फोन पर विवाहिता के मायके वालों को दे दी। मायके के लोग बुधवार को गांव पुरबालियान में पहुंचे और मोनिका को बंधनमुक्त कराया।