हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। ब्लाक कार्यालय में चौकीदार के साथ दो दिन पहले मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर परिजनों ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
गांव आदमपुर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वह पंचायती राज विभाग के अंतर्गत सफाईकर्मी के पद पर तैनात है। वर्तमान में वह शामली ब्लाक में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। 21 दिसंबर की रात को जब वह ब्लाक में ड्यूटी पर था, उसी समय एक गांव का प्रधान अपने दो साथियों के साथ आया और दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खोलते ही ग्राम प्रधान व उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए तमंचे से जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने घटना की तहरीर कोतवाली में दी थी, लेकिन अभी तक पुलिस ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। सोमवार को पीड़ित सतीश ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचा और कोतवाली प्रभारी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।