कैराना। असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर मलकपुर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान और एक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर दी। मामला सामने आने पर गांव में हंगामा खड़ा हो गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।
कोतवाली कैराना क्षेत्र के गांव पंचायत मलकपुर के पूर्व प्रधान ने तहरीर देकर बताया कि गांव के ही तीन युवकों ने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो वायरल की। आरोप है कि एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। पूर्व प्रधान ने उक्त युवकों से शिकायत की तो उसे धमकी दे डाली। मामला संज्ञान में आने पर एक समुदाय के लोगों ने गांव में एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।