लेनदेन के विवाद में दो पक्ष भिड़े
थानाभवन।
लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर धारदार हथियार चले। मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है।
क्षेत्र के गांव हींड में पिछले कुछ समय से खालिद व जमील के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर तनातनी चल रही है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष से नाजिम व आजम घायल हो गए। हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को लेकर थाने आ गई तथा दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में लेनदेन को लेकर विवाद हुआ है। घायलों का उपचार चल रहा है, अभी किसी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं आई है।