शामली। एक गांव निवासी 10 वीं की छात्रा के साथ क्षेत्र के ही युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। शुक्रवार को पीड़िता अपने पिता के साथ कोतवाली पहुंची तथा तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 10 वीं की छात्रा को क्षेत्र का ही एक युवक कई माह से परेशान कर रहा है। तीन माह पूर्व भी आरोपी युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। जिसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को की गई थी, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने मामले में फैसला करा दिया था। छात्रा के अनुसार बृहस्पतिवार को वह शामली आई हुई थी। आरोप है कि बुढ़ाना अड्डे पर आरोपी युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। शोरशराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने गांव पहुंच कर पिता को छेड़छाड़ की घटना के बारे में बताया। शुक्रवार को पीड़ित छात्रा पिता के साथ कोतवाली में पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा के अनुसार मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है।