कैराना (शामली)।
ढाई माह से अगवा नाबालिग बेटी को ढूूंढते हुए कैराना पहुंचे उसके पिता को यातनाएं दी गई। अपहरणकर्ताओं ने किशोरी के पिता को करंट लगाकर उनकी हत्या की कोशिश की। आरोपियों के चंगुल छूटकर कोतवाली पहुंचे पीड़ित पिता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई तथा बेटी को सुरक्षित बरामद करने की मांग की। पुलिस ने कहा कि किशोरी की बरामदगी की कोशिश की जा रही है।
पंजाब के लुधियाना निवासी सुशील ने कैराना कोतवाली पुलिस को बताया कि यहां क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी एक युवक उनके पड़ोस में मुर्गे बेचने की दुकान करता था। करीब ढाई माह पूर्व वह युवक उसकी 14 वर्षीय बेटी को अपहरण कर लाया था। इस संबंध में उसने लुधियाना थाने में मामले की तहरीर दी थी। बृहस्पतिवार को पीड़ित पिता अपनी बेटी को ढूंढते हुए आरोपी के घर पर पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी बेटी को यहां बंधक बनाकर रखा है। उसकी बेटी ने उसको वहां से मुक्त कराने की बात कही। आरोप है कि पीड़ित के साथ आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि उसको बंधक बनाकर करंट लगाकर हत्या का प्रयास किया। किसी तरह पीड़ित वहां से बचकर निकल आया और सीधा कोतवाली में पहुंचा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच के लिए पुलिस भेजी गई है।