डीजे संचालक से मारपीट
चौसाना। शादी समारोह में डीजे में आई खराबी से नाराज युवकों ने जमकर हंगामा किया और डीजे संचालक के साथ मारपीट कर उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। मारपीट के दौरान बीच में आए एक युवक का आरोपी युवक ने अंगूठा मुंह से चबा दिया।
शनिवार रात को चौसाना में एक युवक की शादी पर घुड़चढ़ी का कार्यक्रम था। घुड़चढ़ी पर नाच गाने के लिए डीजे की व्यवस्था की गई थी। घुड़चढ़ी के दौरान डीजे के जेनरेटर मे कुछ खराबी आ गई, जिससे डीजे नहीं बज सका। घुड़चढ़ी में शामिल कुछ युवकों ने डीजे संचालक से अभद्रता शुरू कर दी। डीजे संचालक ने जेनरेटर में तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए कार्यक्रम संचालक के एक हजार रुपये वापस कर दिए थे। इसके बाद युवकों ने डीजे संचालक की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गुजर रहे टैंपो चालक गुलाब सिंह ने मारपीट को रोकना चाहा तो आरोप है कि आरोपी युवकों ने उसका अंगूठा चबा लिया, जिसमें वह घायल हो गया। डीजे संचालक जनपद सहारनपुर के कुंडाकला का बताया गया है। पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।