शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका के समीप गलत साइड जा रहे ट्रक पर पथराव कर चालक और क्लीनर को मारपीट कर घायल करने के मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात करीब नौ बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका के समीप कुछ युवकों ने हाईवे पर रांग साइड जा रहे ट्रक पर पथराव कर दिया था। चालक राशिद के सिर में पत्थर लगने पर ट्रक असंतुलित होकर खाई में पलटने से बच गया था। युवकों ने चालक और क्लीनर को पकड़कर पटाई कर दी थी। इस दौरान पीछे से आए दूसरे ट्रक पर भी युवकों ने पथराव कर दिया था। इस ट्रक के चालक और क्लीनर ने भागकर जान बचाई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक राशिद और क्लीनर इमरान निवासीगण गांव कसेरवा थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर को सीएचसी में भर्ती कराया था, जहां से राशिद को मेरठ रेफर किया गया था। चालक राशिद का मेरठ में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि इस मामले में क्लीनर की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है।