झिंझाना।
पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मंगलवार को गांव यूसुफपुर चौतरा निवासी अमित पुत्र राजपाल ने थाना झिंझाना पहुंचा। तहरीर देकर बताया कि उसने पोस्ट आफिस में नौकरी के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि कुछ दिन बाद उसके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले खुद को विकास निवासी बिहार बताया। विकास ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगवाने की बात कहकर उससे 1,20,000 रुपये की मांग की। वह उसके झांसे में आ गया और उसके द्वारा बताए गए एक अकाउंट जो सलमा के नाम से था, उसमें 20 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद एक और अकाउंट में 30 हजार रुपये जमा कराए, जो किसी संतोष कुमार के नाम से था। इसके बाद उसने युवक से फोन पर बात कर नौकरी लगवाने के बारे में पूछा, तो वह इंकार करने लगा। अब उसके नंबर पर कॉल करता है, तो कॉल रिसीव नहीं होती है। इसके बाद अमित को पता चला कि शातिर ने उसके साथ ठगी कर ली है। अमित ने पुलिस से गुहार लगाई कि ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उसकी रकम वापस दिलाई जाए। उधर, एसएसआई रविंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर और फोन कॉल के आधार पर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।